मॉस्को/कीव। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने आरोप लगाया है कि पश्चिमी देश उसके ऊपर साइबर हमला कर रहे हैं। यूक्रेन पर रूस के हमले के 87 दिन हो गए हैं और इस दौरान रूस के बड़ा नुकसान झेलना पड़ा है। यूक्रेन ने दावा किया कि जंग के करीब तीन महीने में 28 हजार से ज्यादा रूसी जवान मारे गए हैं। बहरहाल, युद्ध के तीन महीने होने जा रहे हैं और अब भी देश के अलग अलग हिस्सों में रूसी हमला जारी है और साथ ही लोगों के मरने का सिलसिला भी जारी है।
अमेरिका और पश्चिमी देशों की ओर से यूक्रेन को दी जा रही मदद के बीच पुतिन ने कहा कि उनके देश पर साइबर हमला किया जा रहा है। उन्होंने पश्चिमी देशों पर आरोप लगाते हुए कहा की रूस को पश्चिम की ओर से साइबर हमलों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इन हमलों को सफलतापूर्वक नाकाम किया जा रहा है। उधर, यूक्रेन ने दावा किया है कि जंग की शुरुआत से अब तक करीब 29 हजार रूसी सैनिकों ने जान गवांई है। यूक्रेन ने यह भी दावा किया कि 1,278 रूसी टैंक को यूक्रेनी सैनिकों ने तबाह कर दिया है।
दूसरी ओर रूस ने दावा किया है कि उसके सैनिकों ने यूक्रेन में हथियारों की बड़ी खेप को तबाह कर दिया है। ये हथियार पश्चिमी देशों ने यूक्रेन की मदद के लिए भेजे थे। इससे पहले रूस ने मारियुपोल पर कब्जा करने का ऐलान किया था। उसने कहा था कि मारियुपोल के स्टील प्लांट में छिपे 2,439 यूक्रेनी लड़ाकों ने रूसी सैनिकों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। अब रूसी सैनिक देश के पूर्वी हिस्से में लुहांस्क आदि इलाकों पर हमला कर रहे हैं।