मुंबई। भारतीय जनता पार्टी ने शिव सेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे को महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री तो बना दिया है लेकिन पार्टी के नेता इससे खुश नहीं हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा है कि दिल पर पत्थर रख कर शिंदे को मुख्यमंत्री बनाया गया है। दूसरी ओर लोकसभा में बागी गुट के नेता चुने गए राहुल शेवाले ने कहा है कि मतभेदों के बावजूद शिव सेना के सांसद अब भी उद्धव ठाकरे को अपना नेता मानते हैं।
बहरहाल, महाराष्ट्र भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने पार्टी की राज्य कार्यकारिणी की बैठक में खुल कर अपना दुख जाहिर किया।
उन्होंने कहा कि सरकार को स्थिर करने के लिए दिल पर पत्थर रखकर शिंदे को मुख्यमंत्री बनाया गया है। चंद्रकांत पाटिल ने रायगढ़ जिले के पनवेल में हुई पार्टी की बैठक के दौरान कहा- सही मैसेज देने और हम जो कुछ भी कर रहे हैं उसमें स्थिरता लाने के लिए हमने मन पर पत्थर रखकर देवेंद्र फड़नवीस और केंद्रीय नेतृत्व ने निर्णय लिया कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे होंगे। हमें दुख हुआ।
गौरतलब है कि सरकार बनने के तीन हफ्ते से ज्यादा समय बीत जाने के बावजूद मंत्रिमंडल का विस्तार नहीं हो रहा है। पहले 11 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई के बहाने विस्तार टाला गया और फिर राष्ट्रपति चुनाव की वजह से टाला गया। कहा जा रहा है कि मंत्रियों की संख्या और विभागों के बंटवारे को लेकर विवाद हो रहा है, जिसकी वजह से फैसला नहीं हो पा रहा है। ध्यान रहे 30 जून को शिव सेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे ने मुख्यमंत्री और देवेंद्र फड़नवीस ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।