नई दिल्ली : भारत की विनेश फोगाट ने राष्ट्रमंडल खेलों में महिलाओं की 53 किग्रा कुश्ती स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। रवि दहिया और पूजा गहलोत ने राष्ट्रमंडल खेल 2022 में कुश्ती में भारत के शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए शनिवार को क्रमश: पुरुष 57 किग्रा वर्ग में स्वर्ण और महिला 50 किग्रा में कांस्य पदक हासिल किया। टोक्यो ओलंपिक के सिल्वर मेडलिस्ट रवि ने 57 किग्रा फाइनल में नाइजीरिया के वेल्सन एबीकेवेनिमो को तकनीकी श्रेष्ठता से हराकर स्वर्ण पदक जीता। रवि दहिया और विनेश फोगाट ने राष्ट्रमंडल खेल 2022 में कुश्ती में भारत के शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए शनिवार को देश की पदक तालिका में दो स्वर्ण जोड़े। दूसरी ओर पूजा गहलोत ने महिला 50 किग्रा में कांस्य पदक हासिल किया। राष्ट्रमंडल खेल 2014 और 2018 की गोल्ड मेडलिस्ट विनेश फोगाट ने महिला 53 किग्रा फाइनल में श्रीलंका की चमोदया केशानी को चित (विन बाई फॉल) करके स्वर्ण पदक जीता। विनेश ने चमोदया को एकतरफा मुकाबले में पहले टेकडाउन करके चार पॉइंट बनाये और फिर दोनों कंधे जमीन से मिलाकर राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण की हैट्रिक पूरी की। राष्ट्रमंडल खेलों में तीन बार के पदक विजेता वेल्सन ने मुकाबले की शुरूआत में रवि को पॉइंट स्कोर करने का कोई मौका नहीं दिया, लेकिन रवि ने आखिरी के समय में उनके पैरों को जकड़कर अंकों की झड़ी लगा दी और अपने पहले ही राष्ट्रमंडल खेल में स्वर्ण हासिल किया।