नई दिल्ली:भारत ने कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए सोमवार को 18 सदस्यीय मजबूत सीनियर मेंस हॉकी टीम की घोषणा की जिसमें कप्तान के रूप में मनप्रीत सिंह की वापसी हुई है जबकि ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह को उप कप्तान बनाया गया है। हॉकी इंडिया ने बर्मिंघम खेलों और 2024 पेरिस ओलंपिक के क्वालीफायर हांगझोउ एशियाई खेलों के बीच कम समय के कारण शुरूआत में राष्ट्रमंडल खेलों के लिए दूसरे दर्जे की टीम भेजने का फैसला किया था। चीन में कोविड-19 से जुड़ी स्थिति के कारण एशियाई खेलों को स्थगित कर दिया गया जिसके बाद हॉकी इंडिया ने 28 जुलाई से शुरू हो रही इस प्रतिष्ठित टूनार्मेंट के लिए मजबूत टीम चुनने का फैसला किया।
पूल बी में भारत
भारतीय टीम को पूल बी में इंग्लैंड, कनाडा, वेल्स और घाना के साथ रखा गया है। दो बार की पूर्व रजत पदक विजेता भारतीय टीम अपने अभियान की शुरूआत 31 जुलाई को घाना के खिलाफ करेगी। पिछले साल टोक्यो ओलंपिक में एतिहासिक कांस्य पदक जीतने के दौरान मनप्रीत ने भारतीय टीम की अगुआई की थी और वह अमित रोहिदास की जगह लेंगे जिन्होंने बेल्जियम और नीदरलैंड के खिलाफ एफआईएच प्रो लीग मुकाबलों में भारत की कप्तानी की। उप कप्तान बनाए गए हरमनप्रीत एफआईएच हॉकी प्रो लीग में सर्वाधिक गोल दागने वाले खिलाड़ी रहे।
गोलकीपर पीआर श्रीजेश की बापसी
टीम में अनुभवी गोलकीपर पीआर श्रीजेश और चोट के बाद वापसी कर रहे कृष्ण बहादुर पाठक को शामिल किया गया है। डिफेंस की जिम्मेदारी वरूण कुमार, सुरेंद्र कुमार, हरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह और जरमनप्रीत सिंह पर होगी। मिडफील्ड में मनप्रीत, हार्दिक सिंह, विवेक सागर प्रसाद, शमशेर सिंह, आकाशदीप सिंह और नीलकांत शर्मा को जगह मिली है। स्ट्राइकर के रूप में टीम में मनदीप सिंह, ललित कुमार उपाध्याय, गुरजंत सिंह और अभिषेक को शामिल किया गया है।