अगरतला: भाजपा नेता बिप्लब कुमार देब के त्रिपुरा के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के एक दिन बाद पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष माणिक साहा आज थोड़ी देर में राज्य के अगले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले हैं। इस बीच माणिक शपथ ग्रहण समारोह के लिए राजभवन के लिए अपने आवास से रवाना हो गए हैं। देब के इस्तीफे के कुछ घंटे बाद 69 वर्षीय डॉ साहा को भाजपा विधायक दल के नेता के रूप में नामित किया गया था। वह त्रिपुरा के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। उनसे साथ उनके कैबिनेट मंत्री भी आज ही शपथ लेंगे।
साहा जिन्हें भाजपा ने त्रिपुरा के नए मुख्यमंत्री के रूप में चुना है वह राज्यसभा से पार्टी के सांसद भी हैं। भाजपा अपने नए सीएम से पूर्वोत्तर राज्य में बहुकोणीय मुकाबले के बीच विधानसभा चुनावों में पार्टी को जीत की ओर ले जाने की उम्मीद करेगी। इस बीच तृणमूल कांग्रेस भी एक प्रमुख खिलाड़ी के रूप में उभरने की कोशिश कर रही है। वहीं अचानक हुए इस राजनीतिक उठापटक से राज्य के लोग आश्चर्यचकित हैं।
साहा 2016 में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए थे। उन्हें 2020 में पार्टी प्रमुख बनाया गया और इस साल ही वे मार्च में राज्यसभा के लिए चुने गए। दूसरी और पूर्व सीएम बन चुके बिप्लब कुमार देब ने राज्य में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के 25 साल के शासन को समाप्त करते हुए 2018 में त्रिपुरा में भारतीय जनता पार्टी के पहले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।