
अमृत विचार, अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्विद्यालय के कौटिल्य प्रशासनिक भवन में मुख्य कुलानुशासक प्रो. अजय प्रताप सिंह के निर्देशन में विश्वविद्यालय कर्मचारी परिषद के सदस्यों ने कुलपति प्रो. अखिलेश कुमार सिंह से शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें कर्मचारियों से संबन्धित लम्बित मांग पत्र सौंपा। कर्मचारी प्रतिनिधि मंडल में कर्मचारी परिषद के अध्य्क्ष डॉ. राजेश कुमार सिंह, महामंत्री विपिन यादव, उपाध्यक्ष सुभाष चन्द्र विश्वकर्मा व संगठन मंत्री सुरेन्द्र प्रसाद आदि शामिल थे।
Advertisement
परिषद के अध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार सिंह ने कुलपति को कर्मचारियों से सम्बंधित सभी मांगों को विस्तार से बताया, जिसमें मुख्य रूप से विश्वविद्यालय में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों की पदोन्नति, विश्विद्यालय में समस्त पारिश्रमिकों का सभी कर्मचारियों में समान रूप से वितरण, समूह ग के रिक्त पदों पर संविदा कर्मचारियों का समायोजन,
कर्मचारियों हेतु कैशलेस स्वास्थ्य बीमा एवं मेडिकल पालिसी लागू करना, संविदा कर्मचारियों की वेतनवृद्धि, कर्मचारियों के पाल्यों हेतु पीएचडी परीक्षा में प्रवेश हेतु आरक्षण व शुल्क मुक्ति की व्यवस्था और कर्मचारी कल्याण कोष की राशि में वृद्धि किया जाना आदि विभिन्न मांगें शामिल हैं। कुलपति ने सभी मांगों पर अपनी सहमति प्रदान करते हुए आश्वश्त किया कि शीघ्र ही कर्मचारियों की सभी मांगों पर अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें पूरा किया जाएगा।
पढ़ें-डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विवि के कुलपति ने आवासीय परिसर की परीक्षा का लिया जायजा